मेरठ। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के माधवपुरम सेक्टर-3 निवासी प्राची चौधरी से इलाज के नाम पर तांत्रिक दानिश ने 50 हजार रुपये ठग लिए। इसके बाद भी पीड़िता के स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हुआ। पीड़िता ने रुपये वापस मांगे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाने में दी तहरीर में प्राची चौधरी ने बताया कि एक वर्ष पूर्व उसकी शादी अभिषेक से हुई थी। दो माह पूर्व उसकी सास की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद से वह काफी बीमार रहने लगी। वह रोड़ा पीर पर प्रसाद चढ़ाने जाती थी। यहां उसकी मुलाकात दानिश से हुई। दानिश ने उससे कहा कि मैं तुम्हारी बीमारी ठीक कर दूंगा। इसके बाद वह इलाज के बहाने प्राची के घर आने लगा। इलाज के नाम पर उसने 50 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद भी प्राची की तबीयत ठीक नहीं हुई। आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर दानिश ने धमकी दी। एएसपी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को तलाश किया जा रहा है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।