लावड़ - राजदीप पब्लिक स्कूल में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में शामिल आयोजक और शिक्षक। स्रोत :
- हमारा गांव कैसा हो विषय पर पांच स्कूलों के विद्यार्थियों ने चित्रों में दिखाई विकास की तस्वीर
संवाद न्यूज एजेंसी
लावड़। खरदौनी स्थित राजदीप पब्लिक स्कूल में बच्चों की रचनात्मक सोच को दिशा देने के उद्देश्य से हैबिटवाला संस्था के 100 सकारात्मक आदतें विकास अभियान के तहत विशेष चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का विषय ‘हमारा गांव कैसा हो 2047’ रखा गया। इसमें क्षेत्र के पांच विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
मोर हाइट पब्लिक स्कूल, मोर फ्लाई पब्लिक स्कूल, मदरसा विद्यालय, राजदीप पब्लिक स्कूल और नेबुला पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने कक्षा दो से पांच और कक्षा छह से आठ के दो वर्गों में प्रतिभाग किया। बच्चों ने चित्रों के माध्यम से वर्ष 2047 के विकसित गांव की कल्पना को कागज पर उकेरा। किसी चित्र में सौर ऊर्जा से रोशन गांव दिखा तो किसी में आधुनिक विद्यालय, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, कंप्यूटर केंद्र, स्वच्छ वातावरण, हरियाली और खेल मैदान नजर आए। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक और अभिभावकों ने आयोजन में सहयोग किया।
हैबिटवाला के संस्थापक प्रवीन एवं प्रियंका ने बताया कि संस्था वर्ष 2020 से बच्चों और समाज में छोटी-छोटी सकारात्मक आदतों के विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों को केवल अच्छे भविष्य के लिए तैयार करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें भविष्य की कल्पना करने और उसके निर्माण में भागीदार बनने का अवसर भी देना जरूरी है।