मुठभेड़ में एक शातिर पकड़ा, दो साथी फरार
रोहटा। थाना रोहटा पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक लुटेरे को गिरफ्तार किया है।जबकि इसके दो साथी फरार हो गए। पकड़े गए बदमाश के पास से पुलिस ने लूटी गई रकम, जेवर बरामद किए हैं। मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किये गए लुटेरे के पास से तमंचा कारतूस भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार बदमाश पर दो दर्जन के करीब मुकदमे दर्ज बताए गए।
थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार शाम कैथवाड़ी चौराहे पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर तीन युवक आते दिखे। पुलिस ने रुकने का इशारा कियातो तीनों बाइक छोड़कर खेत में घुस गए और हवाई फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जबकि उसके दो साथी फरार हो गए। पूछताछ में आरोपी ने नाम रवि पुत्र कालूराम शर्मा निवासी रासना बताया। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक पकड़े गए बदमाश ने कंकरखेड़ा, रोहटा व सरूरपुर क्षेत्र में हुई कई लूट की वारदातों को करना स्वीकारा है। वहीं, कब्जे से पुलिस ने दो सोने के कुंडल व चांदी की ज्वेलरी, नकदी बरामद की है। वहीं एक तमंचा व कारतूस व खोखा मिला है। बताया कि फरार आरोपी विकास पुत्र महावीर निवासी माधवपुरम तथा विपिन पुत्र जगपाल निवासी हसनपुर रजापुर थाना सरूरपुर हैं। पुलिस के मुताबिक तीनों बदमाशों पर कंकरखेड़ा, सरूरपुर, जानी, सरधना थाने में 23 जानलेवा हमले, लूट, चोरी आदि के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया।