सरधना। बुधवार की सुबह तहसील रोड पर एसडीएम आवास के सामने गन्ना लदे ओवरलोड ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। स्कूटी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान ओवरलोड वाहनों के विरोध में अधिवक्ताओं ने हंगामा कर दिया। अटेरना गांव निवासी देवेंद्र पुत्र छंगा स्कूटी पर बुधवार की सुबह तहसील गया था। घर लौटते समय एसडीएम आवास के सामने गन्ना लदे ओवरलोड ट्रक ने किसी वाहन को बचाने के प्रयास में स्कूटी में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से देवेंद्र सड़क पर गिर गया और ट्रक के आगे के हिस्से में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया। तहसील रोड पर मौजूद अधिवक्ताओं ने ट्रक को किसी तरह रोक लिया। घायल को गंभीर हालत में उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद तहसील रोड पर भीषण जाम लग गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह जाम खुलवाया।
ओवरलोड वाहनों के विरोध में ज्ञापन दिया
सरधना। नगर में ओवरलोड गन्ने के ट्रक व पुआल के ट्रैक्टरों के कारण जाम लगने से होने वाली समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने एसडीएम से शिकायत की है। तहसील पहुंचे अधिवक्ता जगपाल सोम, नोनू सोम, मोंटी सोम ने शिकायत में बताया कि नगर में गन्ने के ओवरलोड ट्रक व पुआल के ट्रैक्टर के कारण नगर में आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। इस कारण लोगों को बड़ी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इस कारण आए दिन दुर्घटना होती रहती है। उन्होंने एसडीएम से मांग की है कि जल्द ही नगर में ओवरलोड गन्ना ट्रक व पुआल के ट्रैक्टरों पर रोक लगाई जाए। यदि जल्द ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई नहीं की गई तो वह आंदोलन करेंगे। एसडीएम महेश प्रसाद दीक्षित का कहना है कि जल्द ही ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाई जाएगी।