मेरठ में मवाना रोड पर हृदय विदारक घटना हो गई। सिलेंडर से भरे ट्रक ने स्कूटी सवार छात्र को कुचल दिया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में छात्र का सहपाठी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार गंगानगर थाना अंतर्गत बी-31 न्यू मीनाक्षीपुरम निवासी बिजली विभाग में ठेकेदार अशोक चौधरी का इकलौता पुत्र प्रणव (16 वर्ष) मवाना रोड स्थित ट्रांसलेम एकेडमी इंटरनेशनल में 12वीं का छात्र था। दोपहर करीब 1:30 बजे प्रणव अपने सहपाठी छात्र आयुष पुत्र सुरेंद्र निवासी रक्षापुरम के साथ स्कूल से स्कूटी से घर लौट रहा था। तलवार पेट्रोल पंप के पास पीछे से आए भारत कंपनी के गैस सिलेंडर से भरे ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद दोनों छात्र ट्रक के नीचे आ गए। जिससे ट्रक का पहिया प्रणव के सिर और आयुष के पैरों के ऊपर से उतर गया था। प्रणव ने मौके पर दम तोड़ दिया था।
आईकार्ड से हुई पहचान
घटना के बाद आसपास के लोग ट्रक की ओर दौड़ पड़े। लोगों ने आयुष को ट्रक के नीचे से निकाला। मौका पाकर चालक और हेल्पर ट्रक बीच सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। जिससे वहां जाम लग गया। पुलिस ने छात्रों के आईकार्ड के आधार पर परिजनों को घटना के बारे में सूचित किया।
पढ़ें : हादसे में पूर्व सांसद के भतीजे की मौत, B.day के दिन बुझा घर का एकलौता चिराग
काफी दूर तक घसीटा
मौके पर खड़ी स्कूटी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
टक्कर के बाद ट्रक ने स्कू टी सहित दोनों छात्रों को काफी दूर तक अपने साथ घसीटा था। पीछे चल रहे लोगों ने शोर मचाते हुए ट्रक को रुकवाया। घटना के वक्त आसपास काफी संख्या में लोग जमा थे। लेकिन किसी ने मौके से भागते ट्रक चालक और हेल्पर को पकड़ने की हिम्मत नहीं दिखाई।
परिजनों में कोहराम, हंगामा
परिजनों ने प्रणव का शव देखा तो कोहराम मच गया। परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। पुलिस ने किसी तरह उन्हें समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, शाम को भी परिजनों ने जल्दी पोस्टमार्टम कराने की मांग को लेकर मोर्चरी पर हंगामा किया। परिजनों के मुताबिक प्रणव परिवार में इकलौता था। मां पूजा छोटा मवाना स्थित रुद्रा पब्लिक स्कूल में शिक्षिका हैं। वहीं, इंचौली क्षेत्र के बना गांव के मूल निवासी घायल आयुष के पिता सुरेंद्र प्रॉपर्टी डीलर हैं। मां सुधा और एक बड़ी बहन प्राची है।
नहीं पहना था हेलमेट
एसओ गंगानगर आशुतोष कुमार के मुताबिक छात्र प्रणव ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। अगर हेलमेट होता तो शायद उसकी जान बच सकती थी। प्रणव के पिता की तहरीर पर आरोपी अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ट्रक कब्जे में है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/