मेरठ। कोटला बाजार में आवारा कुत्तों का आतंक है। बुधवार को कुत्ते ने 15 साल के किशोर के पैर में काट लिया। इसमें आठ टांके आए हैं। चीख-पुकार सुनकर बाजार में व्यापारी दौड़े, तब कुत्ते को भगाया। कुत्ता पागल है, इसकी जानकारी लगने पर बाजार में दहशत का माहौल है। सूचना देने के बावजूद भी नगर निगम की टीम कुत्ते को पकड़ने नहीं पहुंची। किशोर का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
किशोर उज्जवल के पिता नितिन गुप्ता की कोटला बाजार में दुकान है। उज्जवल कक्षा नौवीं का छात्र है और दोपहर अपने पिता का खाना देने के लिए साईकिल से दुकान पर जा रहा था। दुकान से 100 मीटर पहले ही एक आवारा कुत्ते ने किशोर पर हमला बोल दिया। कुत्ते ने किशोर का पैर पकड़ लिया। बाजार के व्यापारी डंडा लेकर कुत्ते की तरफ दौड़े। बालक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। नितिन ने प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हरपाल सिंह को कॉल करके घटना की जानकारी दी। इसके बावजूद निगम की टीम कुत्ते को पकड़ने नहीं पहुंची, जिसको लेकर स्थानीय दुकानदारों में आक्रोश है। नितिन गुप्ता ने बताया कि कुत्ता पागल है। क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। उसको पकड़ना बहुत जरूरी है। प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी का कहना है कि कुत्ते को जल्द पकड़ लिया जाएगा।