सिर में लगी चोट, निजी और जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के श्याम नगर में शुक्रवार दोपहर बारिश में छत पर खेल रहा छह साल का मासूम फैज गिरकर घायल हो गया। उसके सिर में गंभीर चोट आई है। हादसे के दौरान उसके पिता वहां नहीं थे। मकान मालिक और पड़ोसी उसे निजी और जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां से उसे मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। हालांकि हादसे की सूचना थाना पुलिस को नहीं दी गई है।
श्यामनगर निवासी शाहरुख ने बताया कि वह पेंटिंग का काम करते हैं। वह पत्नी, बेटे फैज और तीन साल की छोटी बेटी के साथ किराये पर रहते हैं। शुक्रवार को वह काम पर गए थे। इसी दौरान उन्हेें सूचना मिली कि उनका बेटा फैज छत से गिर गया है। वह जिला अस्पताल पहुंचे तो उन्हेें पता चला कि फैज को मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया है। इसके बाद वह मेडिकल कॉलेज पहुंच गए।
उनका कहना है कि शुक्रवार दोपहर फैज बारिश आने के बाद मां के मना करने पर भी छत पर खेलने चला गया था। इसी दौरान वह खेलते हुए पड़ोसी की दीवार पर चढ़ने-उतरने की कोशिश करते समय नीचे गिर गया। इससे उसके सिर पर टांके आए हैं। उसका मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि हादसे के संबंध में परिजनों ने लिसाड़ी गेट थाने में शिकायत नहीं दी है। जिला अस्पताल से छत से गिरकर घायल होने की सूचना मिली है।