पुलिस ने बिजनौर, रामराज व आदि स्थानों से कई संदिग्धों को हिरासत में लिया
माई सिटी रिपोर्टर/संवाद
मेरठ/बहसूमा। कस्बे के मोहल्ला मार्कपुरिया में दिल्ली पुलिस के सेवानिवृत्त दरोगा जितेंद्र सिंह राठी के बंद मकान में हुई चोरी की वारदात में पुलिस को ठोस सुराग हाथ लग गए हैं। पुलिस ने बिजनौर के बेघवाला गांव, रामराज आदि क्षेत्रों से कुछ संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया है। आशंका जताई जा रही है कि फेरी लगाकर अंगूठी आदि के नग बेचने वाले आरोपियों ने रेकी कर वारदात को अंजाम दिया है। इस मामले का पुलिस बृहस्पतिवार को खुलासा कर सकती है।
25 अगस्त को चोर मकान के मुख्य द्वार समेत चार कमरों के ताले तोड़कर करीब दो लाख रुपये की नकदी, कई लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और लाइसेंसी .315 बोर की राइफल के 80 कारतूस चोरी कर ले गए थे। जितेंद्र सिंह राठी परिवार के साथ करीब 20 दिन से उपचार के लिए गाजियाबाद में थे। पड़ोसी की सूचना पर बहसूमा पहुंचने पर उन्हें वारदात का पता चला था। इसके बाद उन्होंने घर लौटकर पुलिस को शिकायत दी थी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस व संदिग्धाें से पूछताछ के बाद खुलासे के करीब पहुंच गई है। एसपी देहात अभिजीत कुमार का कहना है कि इस मामले में कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।