मवाना। मवाना खुर्द स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर एक की शिक्षिका द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्रधानाध्यापिका व उसके पति सहित तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मवाना खुर्द स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर एक की सहायक अध्यापिका गति अग्रवाल ने थाने में तहरीर दी थी। इसमें बताया था कि 18 नवंबर को वह आकस्मिक अवकाश पर थी। उसी दिन प्रधानाध्यापिका ने छोटे बच्चों से ईंट ढुलवाने का कार्य कराया था। इसका किसी ग्रामीण ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया था तथा अधिकारियों से शिकायत की थी। इसकी जानकारी उसे समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचार से हुई थी। 21 नवंबर को विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाध्यापिका अपने पति व भाई के साथ विद्यालय पहुंची तथा पहुंचते ही तीनों ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। अभद्र व्यवहार करते हुए स्थानांतरण कराने की धमकी दी थी। इससे घबराकर वह बेहोश हो गई थी।
ईंट ढुलवाने के मामले में निलंबित प्रधानाध्यापिका, उनके पति व एक अन्य 22 नवंबर को विद्यालय में आए तथा धमकी कि अपना इंतजाम कर लो, हम तुझे नहीं छोड़ेंगे। रास्ते से उठवाकर वह हर्ष करेंगे कि देखती रह जाओगी। दोनों से उसे जान का खतरा है। पुलिस ने निलंबित प्रधानाध्यापिका रीता, पति अमित व अनिल कुमार के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।