बिजरौल गांव की आठ महीने की गर्भवती की पंजाब के ईंट भट्ठे पर घर में पैर फिसलने से गिरकर मौत हुई
-परिजन शव लेकर गांव आए तो मकान के विवाद में परिवार वालों ने घर में नहीं घुसने दिया, पंद्रह घंटे मंदिर में रखा रहा
- पुलिस ने पता चलने पर पहुंचकर खुलवाया गेट, अपनी मौजूदगी में कराया महिला का अंतिम संस्कार
फोटो संख्या 4
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। बिजरौल गांव की आठ माह की गर्भवती शिवानी (23) की सोमवार को पंजाब में ईंट भट्ठे पर बनाए गए घर में पैर फिसलकर गिरने से मौत हो गई। वहां से मंगलवार रात को परिजन शव लेकर गांव में आए तो मकान के विवाद में परिवार वालों ने घर में नहीं घुसने दिया। शव को पंद्रह घंटे तक रविदास मंदिर में रखना पड़ा। समाज के लोगों की पंचायत भी हुई मगर कोई समाधान नहीं निकला। बुधवार को पुलिस ने पहुंचकर घर का गेट खुलवाया और शव का अंतिम संस्कार कराया।
मुजफ्फरनगर जिले के तालड़ा गांव निवासी शिवानी की शादी छह साल पहले बिजरौल निवासी सागर के साथ हुई थी। सागर ने बताया कि दो महीने पहले अपनी पत्नी शिवानी, भाई शिवम, अरुण, मां सीता के साथ पंजाब में ईंट भट्ठे पर काम करने चले गए थे। सोमवार को घर में काम करते समय अचानक पैर फिसलने से शिवानी पेट के बल जमीन पर गिरकर बेहोश हो गई। उसे वहां अस्पताल में लेकर गए, जिसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
वह आठ माह की गर्भवती थी। इससे पहले शिवानी के एक लड़का व लड़की है। मंगलवार शाम करीब आठ बजे परिजन शिवानी का शव लेकर बिजरौल पहुंचे तो मकान में प्रवेश को लेकर ताऊ नेमचंद से विवाद हो गया। सागर का आरोप है कि उसके ताऊ ने मकान का दरवाजा बंद कर लिया और उनको शव लेकर अंदर नहीं घुसने दिया।
इसको लेकर जमकर हंगामा हुआ। समाज के लोगों ने नेमचंद से मकान के विवाद को कुछ समय के लिए भूलकर मानवता दिखाते हुए शव रखवाने के लिए आग्रह किया मगर बात नहीं बनी। मजबूरी में शव को घर के पास बने रविदास मंदिर में रखगा पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी रात में मामले को सुलझाने का प्रयास किया। वह भी बुधवार को दिन में दोबारा आने की बात कहकर चली गई।
शव रखने के लिए गेट तोड़ने का किया गया प्रयास
बुधवार सुबह को विवाद ज्यादा बढ़ गया और मकान के गेट नहीं खोले गए। शिवानी के परिजनों व रिश्तेदारों ने मकान का गेट तोड़ने का प्रयास किया। जिसको लेकर वहां पर जमकर हंगामा और गाली-गलौच हुई। वहां पुलिस ने दोबारा पहुंचकर मकान का गेट खुलवाकर शव को अंदर रखवाया। करीब 15 घंटे बाद 11 बजे पुलिस ने अपनी मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार कराया। शिवानी की तेरहवीं मकान में कराने से नेमचंद ने साफ इंकार कर दिया है।
न्यायालय का फैसला मेरे पक्ष में आ चुका: नेमचंद
सेवानिवृत्त शिक्षक नेमचंद का कहना है कि उन्होंने इस मकान को 1987 में खरीदा था। भाई मेहरदास का परिवार भी इसी मकान में रहता था। विवाद होने पर करीब एक साल पहले मैने उन्हें घर से निकाल दिया था, जो गांव में किराये पर रहे थे। मकान बंटवारे का मुकदमा न्यायालय में चला मगर फैसला मेरे पक्ष में आया। इसलिए मकान में उनका कोई हिस्सा नहीं है। अब मकान में नेमचंद के अलावा उनकी बेटी कल्पना अपने पति व बच्चों के साथ रह रही है।
वर्जन
महिला की मौत पंजाब में हुई है। उसका शव लेकर परिजन यहां आए थे, जिनका मकान बंटवारे को लेकर विवाद बताया गया है। पुलिस को भेजकर शांतिपूर्ण तरीके से शव का अंतिम संस्कार करा दिया गया। इसमें जिस तरह की लिखित शिकायत मिलेगी, उसके आधार पर जांच करके कार्रवाई की जाएगी। अंशु जैन, सीओ बड़ौत