तमंचा फैक्ट्री चलाने वाला आरोपी रोहतास फोटो स्रोत पुलिस
किठौर। किठौर पुलिस ने चेकिंग के दौरान कासमपुर-माछरा मार्ग पर तमंचा बनाने की फैक्टरी पकड़ी है। पुलिस ने मौके से पांच बने हुए तमंचे, अधबने तमंचे तथा तमंचा बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी काे कोर्ट में पेश किया जहा से जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी सुबोध कुमार सक्सेना ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस चेकिंग कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति तमंचा बेचने के लिए कासमपुर-माछरा मार्ग से जा रहा है। पुलिस ने मुखबिर की बताई पहचान पर आरोपी की घेराबंदी कर दबोच लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से एक तमंचा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपी रोहताश निवासी गांव कासमपुर ने पूछताछ में बताया कि वह तमंचा बनाता है और बेचने जा रहा था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कासमपुर-माछरा के ही जंगल में छापा मारा। पुलिस ने मौके से चार बने हुए तमंचे, अधबने तथा तमंचा बनाने के भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए। सीओ प्रमोद कुमार सिंह का कहना है कि आरोपी रोहताश पर पिछले साल के अवैध हथियार रखने के तीन मुकदमे दर्ज हैं।