परीक्षितगढ़ (मेरठ)। नगर के मवाना बस स्टैंड के समीप संदिग्ध परिस्थिति में 45 वर्षीय सुरेशपाल का शव फंदे से लटका मिला। परिजनों ने उत्तर पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात गांव झीडियो निवासी सतेंद्र सहित तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सीओ सदर देहात कई थानों की पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंची और परिजनों को शांत किया। परिजनों ने करीब पांच घंटे बाद पुलिस को शव उठाने दिया। मृतक के बेटे ने पिता-पुत्र सहित तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मौके से हत्यारोपी पुलिसकर्मी सतेंद्र को हिरासत में ले लिया।
थाना किठौर क्षेत्र के गांव नवल सुरजपुर निवासी सतेंद्र पुत्र राजपाल नगर के मवाना बस स्टैंड के समीप किराये के मकान में रहता है। वह जनपद मुरादाबाद के संभल में सीओ का गनर है। वह दो दिन पहले छुट्टी लेकर अपने घर आया था।
थाना किठौर के गांव झीडियो निवासी सुरेशपाल (45) पुत्र अनूप सिंह ने करीब दो साल पहले सतेंद्र को 10 लाख रुपये उधार दिए थे। 2 मार्च को सुरेशपाल की बड़ी बेटी सोनिया की शादी है। वह उधार दिए रुपयों की सतेंद्र से मांग कर रहा था। सतेंद्र ने सुरेशपाल को कॉल कर बुधवार को 10 लाख रुपये देने के लिए अपने घर बुलाया था। सुरेशपाल, सतेंद्र के घर पहुंचा। शाम तक अपने घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसे कॉल कर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका फोन बंद मिला।
बृहस्पतिवार की सुबह सुरेशपाल के परिजनों को सतेंद्र ने सूचना दी कि छत के जाल में रस्सी के बने मोहरे से लटककर सुरेशपाल ने आत्महत्या कर ली है। मृतक सुरेशपाल का बड़ा बेटा अनुपम अपने साथी सचिन नागर के साथ मौके पर पहुंचा तो वहां देखा कि उसके पिता का शव नीचे फर्श पर पड़ा मिला।
परिजनों ने आरोपी सतेंद्र व पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए मौके पर हंगामा किया और शव नहीं उठने दिया। परिजन शव सड़क पर रखने की बात पर अड़ गए। इस पर पुलिस के हाथ-पांव फूल गए और आनन-फानन में सीओ सदर देहात नवीना शुक्ला कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने की बात कही, लेकिन शव नहीं उठने दिया। मृतक के परिजन प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे।
सीओ सदर देहात ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई करने का परिजनों को भरोसा दिलाया। इस पर परिजनों ने करीब पांच घंटे बाद शव उठने दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने आरोपी पुलिसकर्मी सतेंद्र को हिरासत में ले लिया है। मृतक के बेटे अनुपम ने सतेंद्र व उसके बेटे अतुल, रिश्तेदार जोगेंद्र उर्फ योगेंद्र निवासी गांव छुछाई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। मृतक सुरेशपाल की मौत से पत्नी संजो व बेटे अनमोल, आर्यन, बेटी सोनिया, खुशी व अन्य परिजनों का रोकर बुरा हाल बना हुआ है।
प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई मामले में कार्रवाई की जाएगी। -नवीना शुक्ला, सीओ, सदर देहात
मृतक सुरेशपाल का फाइल फोटो। (स्त्रोत परिजन) परीक्षितगढ।
मृतक सुरेशपाल का फाइल फोटो। (स्त्रोत परिजन) परीक्षितगढ।