टेंट की चादरें समेत सामान जलकर राख, फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
संवाद न्यूज़ एजेंसी
मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र स्थित इत्तेफाक नगर में मंगलवार सुबह पांच बजे सईद के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरातफरी मच गई। गोदाम से उठती आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों ने शोर मचा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। मगर जब तक गोदाम में रखी टेंट की चादर व अन्य सामान जलकर राख हो गया। वहीं आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
इत्तेफाक नगर निवासी सईद धोबी का काम करते हैं, और परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने घर के पास ही एक गोदाम बना रखा है, जिसमें टेंट की चादरें और अन्य कपड़े धुलने के लिए रखे हुए थे। मंगलवार सुबह अचानक गोदाम में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। पड़ोसियों ने गोदाम से धुआं और आग की लपटें निकलती देख तुरंत शोर मचाया और सईद को सूचना दी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। आग की भयावहता को देखते हुए लोगों में दहशत फैल गई।
सूचना पर लिसाड़ी गेट थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड ने स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का काम शुरू किया। संकरी गली और लगातार उठ रहे धुएं के कारण राहत कार्य में काफी परेशानी हुई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक गोदाम में रखी टेंट की चादरें और अन्य सामान जल चुका था। घटना के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया, ताकि कोई हादसा न हो सके। गनीमत रही कि आग की चपेट में कोई व्यक्ति नहीं आया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट नहीं हुआ है, हालांकि दमकल विभाग और पुलिस मामले की जांच कर रहे हैं। पीड़ित ने बताया कि गोदाम में रखा काफी सामान आग में नष्ट हो गया, जिससे उसे आर्थिक नुकसान हुआ है। एफएसओ आकाश चौहान ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता किया जा रहा है। आग से कोई जनहानि नहीं हुई है।