खरखौदा/मेरठ। लोहिया नगर थाना क्षेत्र के गांव जाहिदपुर में बाइक सवार युवक को गति कम करने की नसीहत देना भारी पड़ा। कुछ देर बाद दूसरे गांव के करीब दर्जन भर लोग पहुंचे और युवक के घर में घुसकर जमकर मारपीट की। हिंदू संगठनों ने घटना पर रोष जताया है।
गांव जाहिदपुर निवासी विनोद कुमार के अनुसार बृहस्पतिवार को उसके बेटे मनीष की तबीयत खराब थी। रात्रि में करीब 10 बजे उसका बेटा गांव में ही मेडिकल स्टोर से दवा लेने गया था। वह टेंपो स्टैंड के पास शिव मंदिर के सामने खड़ा था। गांव नरहाडा निवासी बाइक सवार युवक तेजी से बाइक पर दूध की केन लेकर निकला। मनीष उससे बाल-बाल बचा। मनीष ने बाइक सवार युवक को गांव में गति कम करने की नसीहत दी। बाइक सवार युवक मनीष को भुगतने की धमकी देकर चला गया।
आरोप है कि मनीष घर के बाहर पहुंचा तो कई बाइक पर सवार युवकों ने मनीष के साथ जमकर मारपीट करते हुए अधमरा कर दिया तथा जाति सूचक शब्दों का भी प्रयोग किया। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। उधर, जाहिदपुर के ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई तो मामला दो समुदाय का होने के कारण रोष व्याप्त हो गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जाते हुए आरोपियों ने चेतावनी दी है कि यदि गांव का कोई भी ग्रामीण इनका सहयोग करेगा तो उसकी गोली मारकर हत्या कर दी जाएगी। जाहिदपुर निवासी ग्रामीणों का आरोप है कि नरहाडा निवासी दूसरे समुदाय के युवक आए दिन तेज गति से दूध की केन लेकर मेरठ शहर जाते हैं। कई बार इन बाइकों से हादसे हो चुके हैं। उधर, भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री विनोद कुमार के नेतृत्व में थाना पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।