अशोक कुमार एस डी एम नगर के मुख्य मार्ग से अतिक्रमण हटवाने के लिए पत्र देते हुए। (स्त्रोत स्वयं)
मवाना। राजकीय शिक्षक संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक कुमार ने एसडीएम संतोष कुमार सिंह को पत्र देकर नगर के मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटवाने और जाम से निजात दिलाने की मांग की। अशोक कुमार ने पत्र में बताया कि नगर के मेरठ रोड, परीक्षितगढ़ रोड व बाजारों में इतना जबरदस्त अतिक्रमण है कि आए दिन अतिक्रमण के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। मेरठ-हस्तिनापुर रोड पर बिजली के ट्रांसफार्मर के पास सब्जी की दुकान, ठीक उसी के सामने जूस की ठेली सड़क पर है। मीर भोज की प्रतिमा के दोनों ओर नवीन पुलिया पर फलों की ठेलियां लगी रहती हैं। छोले भटूरे वालों के ग्राहकों की बाइकें सड़क पर खड़ी रहती हैं। तहसील के समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों का इधर से ही आवागमन है।
बस स्टैंड पुलिस चौकी के पास फलों की ठेलियों का खड़ा होना, तिराहे पर खोखा लगना, पूर्व सांसद अमरपाल सिंह की कोठी के सामने फलों की ठेलियों का कतारबद्ध लगना, किला परीक्षितगढ़ बस स्टैंड़ के पास सब्जी व फल दुकानदारों द्वारा सामान सड़क पर रखे जाने से मार्ग अवरुद्ध होता है और जाम की समस्या पैदा होती है। प्राइवेट बस चालक भी मनमर्जी से मुख्य मार्ग पर जहां-तहां बसों को रोककर खड़े हो जाते हैं और सवारियों को बैठाते व उतारते हैं। इस संबंध में थाना पुलिस व नगर पालिका अधिकारी को अतिक्रमण हटवाने के लिए आदेशित करने की मांग की है।