गाडी जिसमें से अवैध हथियार सीओ ने बरामद किए। (मवाना)
- कार पर भाजपा का झंडा लगा और मंडल अध्यक्ष खरखौदा का स्टीकर लगा मिला
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। गांव भिडवारा में शादी समारोह में फायरिंग की सूचना पर पहुंचे सीओ ने एक कार से अवैध हथियार व कारतूस बरामद किए। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। कार में भाजपा का झंडा और मंडल अध्यक्ष खरखौदा का स्टीकर लगा है।
सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि सूचना मिली थी कि गांव भिडवारा में शादी समारोह में एक स्कार्पियो एन आई है जिसमें हथियार रखे हैं। थाना पुलिस के साथ गांव में पहुंचकर दबिश दी गई तो मौके पर एक स्कार्पियो मिली। जिस पर भाजपा का झंडा व मंडल अध्यक्ष खरखौदा का स्टीकर लगा है। जिसके अंदर से दो तमंचे 12 बोर, एक तमंचा 315, सात कारतूस 315, दो खोखा कारतूस 315, एक पिस्टल 32 बोर व तीन कारतूस मिले। कार को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। कार मालिक की तलाश की जा रही है। इस संबंध में दरोगा ज्ञानेंद्र पाल ने प्राथमिकी दर्ज कराई है।