सहारनपुर। थाना कुतुबशेपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुठभेड़ के दौरान एक 20 हजार के इनामी वांछित हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। वहीं, उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। पकड़े गए हिस्ट्रीशीटर पर लूट, एनडीपीएस, गोकशी सहित 15 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
दरअसल, सोमवार की रात थाना कुतुबशेर प्रभारी निरीक्षक सुनील नागर टीम के साथ भावपुर गांव के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान हौजखेड़ी से भावपुर गांव की तरफ जाने वाली रोड से बिना नंबर प्लेट बाइक पर दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। जिन्हें पुलिस टीम ने टॉर्च दिखाकर रुकने का इशारा किया। सामने पुलिस को देखकर बाइक सवार वापस भागने लगे। भागते समय बाइक फिसल गई, जिससे दोनों गिर गए।
पुलिस के नजदीक पहुंचने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इसमें पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। वहीं साथी बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिसका नाम दानिश पुत्र शाहिद निवासी पीर वाली गली थाना मंडी है। आरोपी थाना मंडी का हिस्ट्रीशीटर है। दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। इसके पास से 10 हजार रुपये, एक बाइक, तमंचा बरामद हुआ है।