संवाद न्यूज एजेंसी
मुंडाली। क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। युवती का मोबाइल भी बंद आ रहा है। परिजनों ने युवती के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए तहरीर देकर सकुशल बरामदगी की मांग की है। वहीं परिजनों ने बताया कि युवती मानसिक रूप से कमजाेर है।
थाना मुंडाली क्षेत्र के गांव के रहने वाले एक दंपती ने तहरीर में बताया कि उनकी 19 वर्षीय बेटी रविवार को खेतों में काम करने के लिए गई थी लेकिन शाम तक घर नहीं लौटी। वह अक्सर खेतों पर काम करने के लिए जाती रहती थी लेकिन हमेशा समय से घर पहुंच जाती थी। उसका मोबाइल नंबर भी बंद आ रहा है। दंपती ने बताया कि उनकी बेटी मानसिक रूप से थोड़ी कमजोर है लेकिन अच्छा-बुरा और सही-गलत सब जानती है। वह अशिक्षित है। परिजनों ने युवती के साथ अनहोनी की आशंका व्यक्त करते हुए उसकी सकुशल बरामदगी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी रामगोपाल सिंह का कहना है कि शीघ्र ही युवती को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।