मवाना। मदरसे में पढ़ाने के लिए जा रही युवती के साथ छेड़छाड़ व अश्लील हरकत की तथा विरोध करने पर मारपीट की गई। आरोप है कि आरोपी ने तेजाब डालने की भी धमकी दी है। वहीं, इस मामले में दूसरे पक्ष ने मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी के अनुसार, छेड़छाड़ की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
मोहल्ला हीरालाल निवासी व्यक्ति ने तहरीर में बताया कि उसकी बेटी मदरसे में पढ़ाने के लिए जा रही थी। वह अशोक की लाट के पास पहुंची तो डेरे वाला पुल निवासी युवक आया और एकांत में देखकर बेटी का रास्ता रोक लिया। हाथ पकड़कर अश्लील हरकत करने लगा। पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की तथा मुंह पर तेजाब डालकर चेहरा बिगाड़ने की धमकी दी। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की है। वहीं, दूसरे पक्ष से मोहम्मद जैद ने तहरीर में बताया कि उसका बेटा अहमद हसन सुबह करीब 9:30 बजे मिल रोड पर स्थित होटल पर चाय पी रहा था। उसी समय मोहल्ला हीरालाल निवासी छह लोग आए और अहमद हसन के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। धारदार हथियारों से सिर पर वार कर लहूलुहान कर मरणासन्न हालत में छोड़कर धमकी दी कि इसे बचाएगा, उसे जान से मार देंगे।