संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। वन परिक्षेत्र क्षेत्र में प्रतिबंधित शीशम के पेड़ों का अवैध कटान और लकड़ी तस्करी के मामले में वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए गिरोह पर 3.10 लाख रुपये का अर्थदंड लगाया है।
वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय ने बताया कि वन विभाग को गत सप्ताह सूचना मिली थी कि गांव अस्सा व अनूपशहर गंगा शाखा नहर किनारे से शीशम के पेड़ों का अवैध रूप से कटान कर लकड़ी तस्करी की जा रही है। वन विभाग की टीम ने मौके पर दबिश दी और शीशम की लकड़ी से लदे वाहन को पकड़ लिया। इस दौरान एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई।
जांच में प्रकरण से जुड़े आरोपी गांव अकबरपुर सादात निवासी मेहताब, रिजवान, सलमान, नईम, मनव्वर, फिरोज, अफजल व दो अन्य और गांव सांधन निवासी चालक इमरान उर्फ भूरा पाए गए। विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिक्षेत्र अधिकारी खुशबू उपाध्याय के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने आरोपियों से 3.10 लाख रुपये का अर्थदंड वसूल किया।
वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संरक्षित एवं प्रतिबंधित वृक्षों की सुरक्षा के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा। वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने आमजन से अपील की है कि अवैध कटान या लकड़ी तस्करी से संबंधित किसी भी सूचना की तुरंत जानकारी वन विभाग को दें ताकि पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को प्रभावी बनाया जा सके।