संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। कृषि भूमि के सौदे के नाम पर छह लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित सचिन की शिकायत पर सरधना थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सलावा निवासी सचिन राणा ने बताया कि उनके परिचित विनोद कुमार मोतला और अनिल कुमार मोतला गांव ककराला थाना खतौली ने जनवरी 2024 में उन्हें सलावा बिजलीघर के पास गंगनहर की पटरी पर स्थित दिनेश की कृषि भूमि बेचने का प्रस्ताव दिया। सचिन राणा ने बताया कि सौदा पांच हजार रुपये प्रति वर्ग गज की दर से तय हुआ। 10 जनवरी 2024 को तीन लाख रुपये नकद बयाना के रूप में दिए। 18 जनवरी, 24 जनवरी और 12 फरवरी 2024 को चेक व बैंक के माध्यम से तीन लाख रुपये आरोपियों के खाते में ट्रांसफर किए गए। आरोपियों ने अक्तूबर 2025 तक बैनामा कराने का आश्वासन दिया था।
पीड़ित का कहना है कि समय बीतने के बावजूद न तो बैनामा हुआ और न ही रकम वापस की गई। थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है। साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।