किसान की मौत के बाद शव के पास विलाप करते परिजन व मौजूद पुलिस।
- फोटो : LAWARD
लावड़। भगवानपुर मार्ग पर बुधवार को खेत से चारा लेकर लौट रहे किसान को बाइकसवार ने टक्कर मार दी। जिससे किसान की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों के मुताबिक शराब के नशे में धुत बाइक सवार भी गिरकर घायल हो गया। हालांकि देररात तक इस मामले में तहरीर नहीं दी गई है।
लावड़ के मोहल्ला टंकीयान निवासी 50 वर्षीय रमेश पुत्र लल्लू भगवानपुर मार्ग पर खेत से दोपहर में चारा लेकर घर आ रहे थे। रास्ते में सामने से आए बाइकसवार ने रमेश को टक्कर मार दी। टक्कर से रमेश की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइकसवार युवक भी गिरकर घायल हो गया। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने घायल बाइक सवार को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस के अनुसार मामले की लिखित शिकायत नहीं की गई। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।