सरधना। सरूरपुर थाना क्षेत्र के गांव पांचली बुजुर्ग निवासी किसान जुल्फिकार पुत्र सत्तार ने शनिवार को तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान लेखपाल की कथित लापरवाही से मानसिक रूप से परेशान होकर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों की सतर्कता और सूझबूझ से बड़ी घटना टल गई और किसान को सुरक्षित पकड़ लिया गया।
जुल्फिकार हाथ में डीजल से भरी बोतल लेकर तहसील में चल रहे समाधान दिवस में तहसीलदार ज्योति के समक्ष पहुंचा। वह अपनी बात तहसीलदार के समक्ष रखता इससे पहले ही वहां मौजूद कर्मचारियों ने उसके हाथ में डीजल भरी बोतल देख ली। कर्मियों ने उसे तुंरत पकड़ लिया और पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस जुल्फिकार को थाने ले गई। थाने में पूछताछ के दौरान जुल्फिकार ने बताया कि वह खेती करता है। खेत में नलकूप लगवाना चाहता है। इसके लिए लेखपाल की संस्तुति की जरूरत है, लेकिन लेखपाल बार बार कहने के बाद भी रिपोर्ट जारी नहीं कर रहे। इस कारण उसके खेत में नलकूप नहीं लग पा रहा।
उसकी फसल पर्याप्त सिचाई न होने से सूख रही है। वह लेखपाल के चक्कर काटकर मानसिक रूप से बेहद परेशान है। इस वजह से ही यह कदम उठाया। उसने सरधना के पेट्रोल पंप से डीजल खरीदा था। पुलिस ने जुल्फिकार को समझाया और उनकी समस्या का अधिकारियों से समाधान कराने का भरोसा दिया। पुलिस ने उसके परिजनों को बुलाकर जुल्फिकार को उनके साथ भेज दिया।
वर्जन
यह मामला क्या है इसकी जानकारी कर पूरी जांच कराई जाएगी। दोषी मिलने पर कार्रवाई होगी।
ज्योति, तहसीलदार सरधना