जानीखुर्द। थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिवाल खास गंगनहर पुल के समीप मंगलवार शाम पुलिस ने गंगनहर से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया है। शव काफी पुराना होने के कारण बुरी तरह सड़-गल चुका है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
मंगलवार शाम को स्थानीय लोगों ने गंगनहर में एक शव देखा, जिसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को नहर से बाहर निकाला। मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष है। शव करीब आठ से दस दिन पुराना होने के कारण काफी क्षत-विक्षत स्थिति में है। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि नहर से बरामद शव करीब 10 दिन पुराना है। मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के जिलों के सभी थानों को सूचना और हुलिया भेज दिया गया है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस फिलहाल क्षेत्र के लापता लोगों की सूची खंगालने के साथ-साथ हत्या या हादसा दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।