नोट: बागपत के ध्यानार्थ
-
मेरठ- बागपत हाईवे पर हुआ हादसा, बागपत में तैनात है सिपाही
संवाद न्यूज एजेंसी
जानी खुर्द (मेरठ)। मेरठ-बागपत हाईवे मार्ग पर स्थित आदर्श इंटर कॉलेज, डालूखेड़ा के पास बुधवार को ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली और कार की भिड़ंत हो गई, जिसमें कार सवार एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिये अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
मेरठ के रक्षा पुरम निवासी चमन कुमार पुत्र भवानी राम बागपत जिले में पुलिस लाइन में सिपाही है। मंगलवार को चमन कुमार की ड्यूटी मुजफ्फरनगर में वीआईपी में लगी थी। बुधवार को चमन अपनी ड्यूटी पर कार से बागपत जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सिपाही चमन उसमें फंस गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद घायल सिपाही को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाल कर निजी वाहन से सुभारती अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उनके शरीर पर गहरी चोटें आई हैं और स्थिति नाजुक बनी हुई है। फिलहाल उन्हें कड़ी निगरानी में रखा गया है। सूचना मिलते ही जानी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। चालक भाग गया। हादसे के कारण बागपत रोड पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
-