संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। मेरठ-बड़ौत मुख्य मार्ग पर लाहौरगढ़ रजबहे के पास बृहस्पतिवार को तेज रफ्तार कार का अगला टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इसमें सवार एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कार चालक मोहित निवासी बड़ौत, संयम जैन के परिवार के सदस्य निधि जैन पत्नी संयम जैन, जोया जैन पुत्री, वेदांत जैन (पुत्र) और रेखा जैन को लेकर मेरठ की ओर जा रहे थे। जैसे ही वाहन लाहौरगढ़ रजबहे के पास पहुंचा, तभी अचानक आगे का टायर फट गया। तेज रफ्तार होने के कारण कार पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए रोहटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को मेरठ रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा बेहद भयावह था, लेकिन गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। कुछ देर के लिए मुख्य मार्ग पर यातायात भी बाधित हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया और क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।