दौराला में छापा मारकर पकड़ा पटाखों का जखीरा
- एसएसपी के निर्देश पर सर्विलांस सेल की टीम ने पुलिस के साथ मिलकर की छापेमारी
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। एसएसपी के निर्देश पर सोमवार को सर्विलांस सेल की टीम ने दौराला मिल बाजार स्थित नरेश सिंघल की दुकान के ऊपर बने एक गोदाम से लाखों रुपये के पटाखों का जखीरा बरामद किया। टीम ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार पटाखों की कीमत लगभग 15 लाख रुपए है।
दीपावली पर वायु प्रदूषण बढ़ने के चलते सुप्रीम कोर्ट ने पटाखों की ब्रिकी व पटाखे चलाने पर प्रतिबंध लगा रखा है। कोर्ट ने सिर्फ ग्रीन पटाखों की ब्रिकी के आदेश दे रखे हैं। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण को सोमवार को शिकायत मिली कि दौराला के मिल बाजार में अवैध रूप से पटाखों की बिक्री की जा रही है। जिस पर उन्होंने सर्विलांस सेल की टीम का गठन किया। टीम ने दौराला थाना पुलिस के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी कर नरेश सिंघल की दुकान के ऊपर बने गोदाम से पटाखों का जखीरा बरामद किया। टीम ने यहां बरामद पटाखों को तीन टाटा मैजिक गाड़ी में भरकर थाने ले आई। टीम ने नरेश सिंघल को हिरासत में ले लिया।
सठला के बाद दौराला में मिला पटाखों का जखीरा
मवाना तहसील के सठला गांव में हाल ही में पुलिस ने दो बार लाखों रुपये के पटाखों का जखीरा बरामद किया है। यह पहली बार है जब दौराला में इतनी मात्रा में पटाखे बरामद किए गए हैं। इससे पहले यहां कभी पटाखे नहीं पकड़े गए हैं।