बिजनौर जिले में कसौंदी की फली का कहर बना हुआ है। अब गांव लल्लावाला में कसौंदी की फली खाने के कारण बालिका की मौत हो गई। अक्तूबर माह में भी दो बच्चों की मौत कसौंदी की फली खाने के कारण हो गई थी। अब यह तीसरी मौत हुई है।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गांव लल्लावाला निवासी जमाल परवेज की पांच साल की बेटी जुनैरा ने खेल खेल में 31 अक्तूबर को कसौंदी की फली खा ली। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने शुक्रवार को उसे बिजनौर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उपचार के दौरान शनिवार सुबह बालिका की मौत हो गई। जुनैरा की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
वहीं, जिले में जानलेवा कसौंदी का कहर रुक नहीं रहा है। कसौंदी की फली हर साल जिले में कहर बरपाती है। इस फली को खेल खेल में बच्चे खा लेते हैं। बच्चों को नहीं मालूम होता कि ये फली जानलेवा है। इस फली को खाने से बच्चों की जान चली जाती है। यह फली गांवों में घरों के आसपास व जंगल में भी मिलती है।