फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहीद सिपाही को नम आंखों से अंतिम विदाई

Sun, 14 Dec 2014 05:30 AM IST
Meerut
विज्ञापन
विज्ञापन
मेरठ। राजकीय बाल संप्रेक्षण गृह में किशोरों के हमले में घायल सिपाही ओमप्रकाश की मौत हो गई। शुक्रवार तड़के 4:45 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस लाइन में राजकीय सम्मान के साथ शहीद सिपाही को अंतिम विदाई दी गई। पुलिस-प्रशासनिक अफसरों और राजनीतिक लोगों ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद परिजन शहीद का पार्थिव शरीर पैतृक गांव नगला फजलपुर (बुलंदशहर) ले गए।
विज्ञापन

बृहस्पतिवार शाम 4:30 बजे बुलंदशहर से पेशी के बाद लाए गए किशोरों को संप्रेक्षण गृह में दाखिल किया जा रहा था। इस दौरान किशोरों ने एचसीपी मंतू सिंह और हेड कांस्टेबल सत्यवीर सिंह पर हमला बोल दिया था। सूचना पर प्रतिसार निरीक्षक (आरआई) श्रीभगवान यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे, तो किशोरों ने उन्हें भी घेरकर पथराव किया और लकड़ी के फट्टे (क्रिकेट बैट वाली लकड़ी) से बुरी तरह पीटा। इस हमले में सिपाही ओमप्रकाश के सिर में गहरी चोट लगी थी। इसके बाद उन्हें सुशीला जसवंत राय अस्पताल में वेंटीलेटर पर रखा गया था। डॉक्टर देर रात तक जुटे रहे, मगर सिपाही की जान नहीं बचाई जा सकी। शुक्रवार तड़के करीब 4:45 बजे डॉक्टरों ने ओमप्रकाश को मृत घोषित किया। नौचंदी थाना पुलिस ने शव मोर्चरी पहुंचाया।
नहीं थमे बेटे के आंसू:
पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे पोस्टमार्टम होने पर सिपाही का पार्थिव शरीर पुलिस लाइन लाया गया। यहां डीआईजी रमित शर्मा, जिलाधिकारी पंकज यादव, एसएसपी ओंकार सिंह, एसपी सिटी ओपी सिंह ने पुष्प चक्र अर्पित किया। सपा नेता इसरार सैफी और भाजपा नेता विनीत अग्रवाल शारदा ने भी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान तमाम पुलिसकर्मियों की आंखें नम हो गईं। सिपाही ओमप्रकाश के दो बेटे और दामाद भी मौजूद थे, जो भावुक हो गए। बेटा हेमंत तो पिता के पैरों के पास बैठकर फफक-फफककर रोने लगा। इसके बाद पार्थिव शरीर को पैतृक गांव ले गए। वहीं पर राजकीय सम्मान में शहीद का अंतिम संस्कार किया गया। यहां से सीओ डीपी सिंह और पुलिस लाइन से गारद भी शहीद सिपाही के साथ भेजी गई थी।
विज्ञापन

केस हत्या में तरमीम:
इस मामले में एचसीपी मंतू सिंह की तरफ से नौचंदी थाने पर 25 किशोरों को नामजद और 125 अज्ञात के खिलाफ बृहस्पतिवार रात ही कातिलाना हमले और अन्य गंभीर आरोपों में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। ओमप्रकाश की मौत के बाद केस हत्या में तरमीम कर दिया गया है। उधर, एसएसपी ने बताया कि शहीद सिपाही के परिजनों को आर्थिक सहायता के तौर पर करीब 50 लाख रुपये दिए जाएंगे, जिसमें से 36 लाख विभागीय और बाकी धनराशि पुलिसकर्मी अपने वेतन से इकट्ठा करके देंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें