मोदीपुरम। सिवाया टोल प्लाजा पर बुधवार दोपहर भाकियू महिला विंग की जिलाध्यक्ष से टोल मांगने पर हंगामा हो गया। जिलाध्यक्ष ने टीसी को टोल कार्ड होने की बात कही, लेकिन वह शुल्क लेने पर अड़ गया। जिलाध्यक्ष की गाड़ी एक घंटे तक टोलवे की लेन में ही खड़ी रही।
मेरठ निवासी नेहा त्यागी भाकियू महिला विंग की जिलाध्यक्ष हैं। दोपहर दो बजे वह दौराला जा रही थीं। गाड़ी जब टोल प्लाजा की एक नंबर लेन पर पहुंची तो टीसी ने गाड़ी रोक ली और शुल्क मांगा। टीसी से नेहा त्यागी की तीखी नोकझोंक हो गई। उन्होंने गाड़ी को लेन में छोड़ दिया। इससे पूरी लाइन बाधित हो गई। नेत्री टोलवे के डीजीएम कैप्टन मैथ्यूज के पास पहुंची और शिकायत की। डीजीएम ने नेत्री को शांत किया और आगे से इस तरह की गलती न होने की बात कही। नेहा त्यागी का कहना है कि इससे पहले भी उनके साथ इस तरह का व्यवहार हो चुका है। टोल डीजीएम ने बताया कि कर्मचारी को सख्त हिदायत दे दी है, आगे से ऐसी गलती नहीं होगी।
दरोगा से शुल्क मांगना पड़ा महंगा
मंगलवार देर रात थाने पर तैनात दरोगा अपनी कार से दौराला जा रहे थे। टोल की लेन नंबर तीन में टीसी ने दरोगा से टोल शुल्क मांग लिया। दरोगा ने खुद को थाने में तैनात होने की बात कही, लेकिन कर्मचारी नहीं माना। टैक्स को लेकर काफी देर तक कहासुनी हुई। बाद में दरोगा बिना शुल्क दिए ही चले चला गया। इसके बाद थाने के पुलिसकर्मी टोल प्लाजा पर पहुंचे और कर्मचारी को उठाकर ले गए। टोलवे के अधिकारियों को जब इसका पता चला तो उनमें हड़कंप मच गया। आनन फानन में वे थाने पहुंचे और पुलिसकर्मियों से बात की। काफी देर बाद कर्मचारी को छोड़ा गया। सीओ दौराला बृजेश कुमार सिंह ने मामले की जानकारी से इनकार किया है।