मेरठ। एक महिला बदमाशों पर भारी पड़ गई। दो बदमाशों ने कान से कुंडल खींचने के बाद स्कूटी में टक्कर मारकर उसे और उसके दो बच्चों को गिरा दिया। इससे वह घबराई नहीं, बल्कि उठ खड़ी हुई। स्कूटी से बाइक सवार बदमाशों का पीछा कर लिया। करीब पांच सौ मीटर तक स्कूटी दौड़ाने के बाद बदमाश उसके हाथ आए। महिला ने भी बाइक में टक्कर मारकर बदमाशों को गिरा दिया। दो में से एक बदमाश को पकड़कर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया। एक भाग निकला।
घटना जागृति विहार सेक्टर-5 स्थित पीएनबी के पास की है। रविवार शाम करीब 5:45 बजे सेक्टर-5 की ही रामकुमारी चौधरी अपनी बेटी कनिका (8) और बेटे कुनाल (6) के ट्यूशन के लिए कोचिंग सेंटर तलाश रही थीं। वह गढ़मुक्तेश्वर ब्लॉक के गांव सादुल्लापुर स्थित प्राइमरी स्कूल मेें अध्यापिका हैं। उनके पति योगेश चौधरी प्रॉपर्टी डीलर हैं। स्कूटी सवार रामकुमारी सेक्टर-5 में पीएनबी के पास पहुंचीं, तो पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके कान से कुंडल खींच लिए। हल्की टक्कर से वह और उनके बच्चे स्कूटी सहित गिर गए। शिक्षिका ने साहस दिखाते हुए स्कूटी उठाई और बदमाशों का पीछा किया। करीब 500 मीटर पीछा कर बदमाशों की बाइक में टक्कर मार दी। बदमाश बाइक सहित गिरे, लेकिन एक बदमाश बाइक लेकर भाग गया। दूसरे को महिला ने पकड़ा और पिटाई करने लगी। शोरशराबा होने पर पास में ही मीटिंग कर रहे जागृति विहार भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकित ठाकुर और उनके सहयोगी पहुंच गए। आरोपी युवक को धुनाई के बाद मेडिकल थाने ले गए। पुलिस ने आरोपी को हवालात के बाहर बैठा लिया। शिक्षिका ने उसके खिलाफ तहरीर दी। पुलिसकर्मियों ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की, तो भाजपाइयों ने हंगामा कर दिया। चेताया कि सोमवार सुबह तक दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार नहीं किया तो थाने का घेराव किया जाएगा। हंगामा करने वालों में ठाकुर मेघराज, दिनेश तोमर, सोनू गहलौत, दीपक कुमार, सोनू कुमार शामिल रहे।
समझौता कर लो, कुंडल मिल जाएगा:
मेडिकल थाने में एक सिपाही ने शिक्षिका से कहा कि कुंडल चाहिए, तो समझौता कर लो। तब एसओ मेडिकल वहां नहीं थे। इसी बात पर भाजपाइयों ने नाराजगी जताई। अंकित ठाकुर ने कहा कि इसकी शिकायत भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी से करेेंगे।
वर्जन
रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। थाने पर सिपाही ने उनसे क्या कहा, मेरे संज्ञान में नहीं है। - संजीव यादव, एसओ मेडिकल थाना