कंकरखेड़ा। सरधना रोड स्थित एक अंग्रेजी शराब के ठेके की शराब पीने से युवक की हालत बिगड़ गई। युवक को निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया। उपचार के बाद युवक की हालत सुधरी। युवक द्वारा ठेके पर नकली शराब बेचने की शिकायत पर पहुंची आबकारी टीम ने शराब के सैंपल लिए।
धर्मपाल पुत्र रामस्वरूप निवासी नया गांव थाना सरधना ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे उसने सरधना रोड स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके से पव्वा खरीदा। उसने जैसे ही पव्वा पीया तो उल्टियां होने लगीं। इससे उसकी हालत खराब हो गई। उसका साथी अनिल उसे निजी चिकित्सक के यहां ले गया। जहां उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ। इसके बाद पीड़ित थाने पहुंचा और एसओ महावीर सिंह को जानकारी देते हुए आरोप लगाया है कि ठेके पर नकली शराब बेची जा रही है। एसओ की सूचना पर आबकारी इंस्पेक्टर एसएस चौहान टीम के साथ थाने पहुंचे। उन्होंने युवक द्वारा लाई गई शराब को बिना जांच के ही ओके बता दिया। युवक ने जब उच्च अधिकारियों से शिकायत की बात कही तो टीम ने ठेके पर जाकर पांच छह पव्वे जांच को लिए। इंस्पेक्टर एसएस चौहान का कहना है कि सैंपल लैब भेजे जाएंगे। करीब 5 दिन बाद रिपोर्ट आने पर ही कुछ कहा जा सकता है।