मोदीपुरम/दौराला। नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने मंगलवार रात हनुमान नगर निवासी कपड़ा व्यापारी के घर पर धावा बोलकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया। इसके बाद नकदी और जेवरात समेत लगभग तीन लाख का माल समेट कर ले गए। इस बाबत व्यापारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दौराला-सरधना मार्ग स्थित हनुमान नगर निवासी रियाजुद्दीन पुत्र अजीजुद्दीन की मकान के अगले हिस्से में ही कपड़े की दुकान है। मंगलवार रात लगभग दो बजे 24 नकाबपोश बदमाश सीढ़ी लगाकर उसके घर में घुस गए और नीचे के कमरे में सोए अजीजुद्दीन और उसकी पत्नी फुल मिजरा को गन प्वाइंट पर ले लिया। इसके बाद बदमाश उन्हें लेकर ऊपर पहुंचे और खुद को पुलिस बताकर दरवाजा खुलवाने के बाद रियाजुद्दीन और उसकी पत्नी कौशर जहां को भी गन प्वाइंट पर ले लिया। परिवार के सभी सदस्यों को बंधक बनाने के बाद बदमाशों ने अलमारी से सोने की दो चेन, अंगूठी, सोने के कुंडल, पाजेब, 10 जोड़ी कंबल, कीमती कपड़े समेट लिए। इतना ही नहीं बदमाशों ने मकान से जुड़े दुकान के दरवाजे को तोड़कर गल्ले में रखे 30 हजार रुपये और अन्य कीमती कपड़े लूट लिए। लूटपाट के बाद बदमाशों ने परिवार को बंधन मुक्त कर दिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित ने बुधवार सुबह दौराला पुलिस को जानकारी दी। सीओ बृजेश सिंह, इंस्पेक्टर जनक सिंह पुंडीर ने मौका मुआयना किया। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है।
अन्य को चारपाई से बांधा
बदमाशों ने रियाजुद्दीन के घर में घुसने से पहले पास ही निर्माणाधीन मकान के बाहर सो रहे ईश्वर पुत्र प्यारे, रोहित पुत्र भूषण और मुकेश पुत्र हरदेव को नींद से उठाकर उनके मोबाइल की बैट्री निकाल ली। इसके बाद उन्हें चारपाई से बांध दिया। तीनों को बंधक बनाने के बाद चार बदमाश उनके पास ही रुक गए। वहीं अन्य रियाजुद्दीन के घर में घुस गए।
पहले मुझे ही गोली मार दो
बदमाशों ने रियाजुद्दीन के बेटे को गोली मारने की धमकी दी तो उसने कहा, मैं अपने बच्चे को मरते हुए नहीं देख सकता। इसलिए पहले मुझे ही गोली मार दो।
इसी हफ्ते होनी है सगाई
रियाजुद्दीन ने बताया कि उसके बेटे की इसी हफ्ते सगाई है। इसके लिए वह गहने और अन्य सामान लाया था। बदमाश सारा सामान लूट ले गए।