मेरठ। हापुड़ रोड पर पशु लदे वाहनों से अवैध वसूली में लगे पांच पुलिसकर्मियों को एसएसपी ने शुक्रवार को सस्पेंड कर दिया है। इनमें दो हेड कांस्टेबिल हैं जबकि तीन सिपाही। वहीं, बृहस्पतिवार को कचहरी में बंदी को कस्टडी के दौरान होटल में खाना खिलाने के आरोप में भी सिपाही को निलंबित किया गया है। आरोपी सिपाही के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की गई है।
एसएसपी ओंकार सिंह के अनुसार बुधवार को शिकायत मिली थी कि थाना खरखौदा की धीरखेड़ा चौकी क्षेत्र में पुलिसकर्मी अवैध वसूली कर रहे हैं। इसके अलावा मेरठ-हापुड़ हाईवे पर तैनात पेट्रोल कार पर तैनात पुलिसकर्मियों की भी शिकायत मिली थी। शुक्रवार को रिपोर्ट मिलने पर हेड कांस्टेबिल भीष्मपाल सिंह, हेड कांस्टेबिल तुला राम, सिपाही अरविंद कुमार, कृपाल सिंह और कांस्टेबिल चालक चंद्रबोस को निलंबित कर दिया गया।
उधर, बृहस्पतिवार को जेल से पेशी पर आए मछेरान निवासी तसलीम को कोर्ट में ले जाने के बहाने कचहरी स्थित एक होटल में खाना खिलाने पहुंचे आरोपी सिपाही प्रत्यक्ष कुमार को भी सस्पेंड किया गया है। यह कार्रवाई आरआई की रिपोर्ट मिलने पर की गई। एसएसपी के अनुसार आरोपी सिपाही के खिलाफ पहले से ही एक बंदी को पेशी के दौरान रजिस्ट्री कराने के आरोपों की जांच चल रही है। इसके अलावा पुलिस लाइन के एक दरोगा की भी इस प्रकरण में जांच कराई जा रही है।