मेरठ/मोदीपुरम। खट्टा गैंग के सदस्यों से हुए खुलासे से टोल कंपनी के अधिकारियों में दहशत बैठ गई है। एसटीएफ द्वारा मंगलवार को मुजफ्फरनगर से दबोचे गए इस गैंग के चार सदस्यों ने कबूला था कि वे सिवाया टोल प्लाजा लूटने की तैयारी में थे। टोल कंपनी ने बुधवार को अपने स्तर से बंदोबस्त करते हुए आला अफसरों से सुरक्षा की मांग की। वहीं, सीओ दौराला ने टोल पहुंचकर सुरक्षा का जायजा लिया।
एसटीएफ वेस्ट यूपी के सीओ अनित कुमार की टीम ने मंगलवार को बागपत के 50 हजारी राहुल खट्टा के गैंग के चार सदस्य पकड़े थे। लेकिन राहुल हाथ से फिसल गया था। पकडे़ गए बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि गैंग सिवाया टोल प्लाजा लूटने की तैयारी में था, जिसकी योजना भी बना ली गई थी। इसके लिए ही गैंग के सदस्य असलाह खरीदने मुजफ्फरनगर पहुंचे थे। बदमाशों का कहना था कि लूटपाट मंगलवार रात को पुलिस की वर्दी में करनी थी। एसटीएफ ने बदमाशों की कार से पुलिस की वर्दी के अलावा नीली बत्ती भी बरामद की थी। इस खुलासे से टोल अफसरों में हड़कंप मचा है। टोल कंपनी के डीजीएम कैप्टन प्रिंस मैथ्यूज ने बताया कि टोल पर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद की जाएगी। इस संबंध में पुलिस और प्रशासनिक अफसरों को भी पत्र भेजा जा रहा है।
------------------
वर्जन
खुलासे के बाद टोल का सिक्योरिटी सिस्टम परखा गया है, जहां कमियां मिली हैं, उन्हें दूर करने को कहा है। टोल पर आर्म्स गार्ड रखे जाएं। सीसीटीवी कैमरे भी दुरुस्त रहें। थाना दौराला पुलिस को भी हाईवे पर गश्त तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। -बृजेश कुमार सिंह, सीओ दौराला