मेरठ। आरटीओ ममता शर्मा ने आखिरकार जिला प्रशासन की एंबेसडर से कार्यालय आने का मोह छोड़ दिया है। सोमवार को वह इनोवा से आईं। हालांकि, गनर उनके साथ रहा।
आरटीओ ममता शर्मा आवंटित सरकारी कार संख्या यूपी-32बीजी-0620 की जगह गाजियाबाद जिला प्रशासन की एंबेसडर कार संख्या यूपी-14एजी-0440 का इस्तेमाल लंबे समय से कर रही थीं। अमर उजाला ने शुक्रवार के अंक में इस मामले का खुलासा किया। इस संबंध में जब ममता शर्मा से पूछा गया तो उन्होंने अपनी सरकारी गाड़ी के खराब होने की बात कही थी। हकीकत में उनकी गाड़ी सही है और आरटीओ सिटी उसका इस्तेमाल कर रहे हैं। मामला खुलने के बाद आरटीओ ममता शर्मा सोमवार को इनोवा कार संख्या डीएल-7सीजी-2805 से ऑफिस पहुंचीं। हालांकि, आरटीओ के साथ अन्य दिनों की भांति सोमवार को भी गनर रहा। गनर के बारे में जानकारी के लिए आरटीओ को कई बार फोन किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।