मेरठ। जली कोठी बाजार में बिजली का तार टूटकर गिरने से भगदड़ मच गई। गनीमत रही तार किसी के ऊपर नहीं गिरा। गुस्साए लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना के घंटों बाद पहुंची बिजली टीम ने तार को ठीक किया।
जली कोठी बाजार से गुजर रही बिजली की लाइन के तार जर्जर हो चुके हैं। व्यापारी पहले भी इन तारों को बदलने की मांग कर चुके हैं। रविवार शाम1 करीब साढ़े पांच बजे हलवाई फरमान की दुकान के सामने लाइन में अचानक जोर का धमाका हुआ और तार टूटकर दुकान पर आ गिरा। तार के दरवाजे पर गिरते ही करंट उतर गया। चिंगारी निकलने से दुकान में बैठे और वहां से गुजर रहे लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने किसी तरह तार को दुकान से हटाया और इसकी सूचना बिजली विभाग को दी। घंटों बाद भी बिजली कर्मी नहीं पहुंचे। इससे लोगों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। काफी देर बाद पहुंची टीम को लोगों ने घेर लिया और जर्जर तारों को बदलने की मांग की। आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता मोहम्मद अकरम ने चेतावनी दी कि जर्जर तार नहीं बदले गए तो पार्टी कार्यकर्ता अधिशासी अभियंता का घेराव करेंगे।