मेरठ। रेलवे रोड थानाक्षेत्र के अंतर्गत पूर्वा महावीर में कब्रिस्तान में मरा हुआ कुत्ता दबाने पर लोगों ने हंगामा कर दिया। दोनों समुदाय के लोग आमने सामने आए तो पुलिस में हड़कंप मच गया। अफसरों ने मामला शांत कराया।
पूर्वा महावीर निवासी सुभाष के पालतू कुत्ते की बृहस्पतिवार को मौत हो गई थी। उसने देर रात मकबरा घोसियान स्थित कब्रिस्तान में कुत्ते को दबा दिया। शुक्रवार सुबह जब दूसरे समुदाय के लोगों को इसका पता लगा तो उनकी भीड़ कब्रिस्तान पहुंची। लोगों ने हंगामा करते ही एसपी सिटी और एडीएम सिटी समेत तीन थाने की पुलिस फोर्स वहां पहुंची। पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई करने की बात कहकर उनको शांत किया। लोगोें की शिकायत पर पुलिस ने सुभाष और कब्रिस्तान की देखरेख करने वाले इकरार के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज की। इंस्पेक्टर ब्रजमोहन यादव ने बताया कि नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दी। एक आरोपी हिरासत में लिया गया है।
क्या किसी की साजिश थी?
पुलिस के मुताबिक कब्रिस्तान में कुत्ता दबाने के पीछे किसी की साजिश थी। कब्रिस्तान की देखरेख करने वाले इकरार ने गड्ढा खोदा था। पांच दिन पहले मामूली विवाद पर सांप्रदायिक तनाव हुआ था, तब से माहौल खराब है। ऐसे में आरोपियों की मंशा क्या थी, इसका पता उनकी गिरफ्तारी के बाद ही चलेगा।