मेरठ। मकान में मांस का टुकड़ा फेंकने पर बुधवार को सोतीगंज में सांप्रदायिक तनाव हो गया। दोनों समुदाय के लोग हाकी डंडे और तलवार लेकर सड़क पर आ गए। हालात बेकाबू होते की तीन थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दूसरे समुदाय के मकान की दीवार ऊंची करा दी है।
मामला सोतीगंज के रविंद्रपुरी मोहल्ले का है। धीरज वाल्मीकि के घर में एक सप्ताह से ईंट तो कभी मांस का टुकड़ा फेंका जा रहा है। बुधवार को मांस का टुकड़ा फेंके पर धीरज ने पड़ोसी चांद से उसके बारे में पूछा। इसी दौरान दोनों में कहासुनी हुई तो दोनों समुदाय के लोगों की भीड़ लग गई। देखते-देखते लोग हथियार लेकर सड़कों पर आने लगे।
सांप्रदायिक तनाव की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सदर, रेलवे रोड और लालकुर्ती थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों समुदाय के लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। इंस्पेक्टर मुनेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मारपीट होने से पहले ही पुलिस पहुंच गई थी। दोनों पक्ष के गणमान्यों ने समझौता करा दिया है।
दीवार ऊंची कराई
पुलिस ने राज मिस्त्री को बुलाकर चांद के घर की छत की दीवार ऊंची कराई। पुलिस ने चेतावनी दी कि दीवार तोड़ी तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा। दोनों समुदाय के लोगों की सहमति पर पुलिस ने दीवार का निर्माण कराया।