गंगानगर। भावनपुर क्षेत्र के भीमनगर गांव में शुक्रवार देर रात एक कपड़ा फैक्ट्री मे शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि फैक्ट्री में रखा पूरा सामान खाक हो गया। मशीनों को भी नुकसान हुआ है। हादसे में करीब 50 लाख का नुकसान हुआ है।
भीमनगर गांव के भोपाल विहार में मोहित कुमार पुत्र सतवीर सिंह की ऋषभ स्पोर्ट्स वियर नाम से फैक्ट्री है। मोहित ने बताया कि रोजाना की तरह शुक्रवार को वह फैक्ट्री बंद कर घर चला गया। देर रात मोहल्ले के लोगों ने घर आकर फैक्ट्री में आग लगने की सूचना दी। मौके पर जाकर देखा तो फैक्ट्री से आग की तेज लपट निकल रही थीं। इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी लेकिन जब तक गाड़ी पहुंची तब तक सब कुछ जल चुका था। सूचना पर भावनपुर पुलिस भी पहुंची। मोहित ने बताया कि आग बुझने के बाद अंदर जाकर देखा तो मशीनें भी आग से नष्ट हो चुकी थीं। इसके अलावा 11 हजार लोअर, 1500 टी शर्ट, तीन लाख रुपये का मैटेरियल, 500 किलो कपड़ा, दो फॉरथ्रेड मशीन, एक लास्टिक मशीन, तीन कटिंग मशीन, फोलडर मशीन, एक जेनरेटर, एक स्टीम प्रेस, टेबल प्रेस समेत सारा सामान राख हुआ है। मोहित ने भावनपुर थाने में तहरीर दी है।