मेरठ। शहर में अपराध नियंत्रण के लिए 207 कैमरे लगाने की मंजूरी मिल गई है। इसके लिए शासन ने मेरठ जोन में टास्क कमेटी का गठन कर आईजी को अध्यक्ष बनाया है। ये कैमरा लगाएं जाने के स्थान निर्धारित करने से लेकर उसकी उपयोगिता का ख्याल करेंगे। इसका कंट्रोल रूम पुलिस लाइन में बनाया गया है। विगत शनिवार को हुई आईजी की बैठक में यह तय किया गया है कि नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ में रिलायंस मास्ट लाइटों पर सर्विलांस कैमरा, संबंधित प्राधिकरण और सीसीटीवी कैमरा पुलिस महकमा लगाएगा। तैयारी ऐसी है कि हर शहर में सड़क पर प्रत्येक गाड़ी का नंबर तक कैमरे में कैद किया जाएगा। सर्विलांस कैमरा के लगने के बाद 400 फूट की दूरी में कोई भी घटना होने पर तत्काल उसकी जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम में हो जाएगी। पुलिस के अनुसार अभी तक नोएडा शहर में 180, गाजियाबाद में 53 और मेरठ में सात सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
------------------------
कोट : सीसीटीवी कैमरे लगाने की तैयारियों को लेकर बैठक हुई है। रिलायंस कंपनी सड़क पर मास्क लाइटों के खंभों पर सर्विलांस कैमरा लगाएगी और पुलिस सीसीटीवी कैमरे लगाएगी। कौन कैमरा कहां लगेगा, इसका स्थान चिह्नित किया जाएगा। ऐसी व्यवस्था होगी कि पूरा शहर कैमरे की जद में हो। - भवेश कुमार सिंह, आईजी मेरठ
--------------------------
मेरठ शहर में यहां लगेगा कैमरा
शहर में प्रवेश करने वाले परतापुर बाईपास, बिजली बंबा बाईपास हापुड़ रोड, नोबल पब्लिक स्कूल, काली नदी पुल गढ़ रोड, पुलिस चेक पोस्ट यादगारपुर किला रोड, गंगानगर मवाना रोड, मोदीपुरम तिराहा, खिर्वा रोड चौराहा, सरधना रोड कंकरखेड़ा बाई पास, शोभापुर चौराहा बड़ौत रोड, बागपत बाईपास, रिठानी पीर तिराहा, नवीन सब्जी मंडी गेट, माधवपुरम चौराहा, ईरा मॉल, दिल्ली चुंगी शारदा रोड, मैट्रो प्लाजा, ईदगाह चौराहा, रेलवे रोड चौराहा, केसरगंज पुलिस चौकी, महताब तिराहा, जली कोठी चौराहा, आयकर भवन गेट, भैंसाली रोडवेज, प्लाजा सब्जी मंडी चौराहा, सोतीगंज चौराहा, बेगमपुल, जीरो माईल चौराहा प्रमुख है। इसके अलावा हापुड़ रोड पर 13, गढ़ रोड 14, किला परिक्षितगढ़ रोड 5, मवाना रोड 13, रुड़की रोड 3, सरधना रोड खिर्वा रोड 3, बड़ौत रोड 2, बागपत रोड के तीन स्थानों पर लगाया जाएगा। इसके अलावा आयुक्त, आईजी, डीआईजी, डीएम, एसएसपी, पुलिस लाइन, वाणिज्य कर कार्यालय, एमडीए, आईटीआई, नगर निगम, कैंट बोर्ड, पीएसी, जेल, जनपद न्यायालय, आरटीओ सहित 46 स्थानों, 27 प्राइवेट स्थानों, 49 बाजार एवं संवदेनशील इलाकों में लगेगा।