मेरठ। जागृति विहार निवासी दुष्कर्म के आरोपी दूल्हे की सगाई तो टूट ही गई बल्कि शनिवार को कोर्ट ने चार दोस्तों के साथ जेल भेज दिया। उधर, सगाई करने आए लड़की के परिजनों ने अपना सामान वापस मांगा है।
मेडिकल क्षेत्र के जागृति विहार सेक्टर-6 निवासी अमित पुत्र स्व. नवल सिंह (दारोगा) की सगाई शुक्रवार को गढ़ रोड स्थित आदर्श पैलेस में थी। कालियागढ़ी निवासी एक युवती ने समारोह में पहुंचकर दूल्हे पर दुष्कर्म और अश्लील क्लिप बनाने का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया था। इस पर दूल्हे के भाई अंकित गुर्जर ने दोस्तों के साथ मिलकर युवती को सरेआम पीटा और उसे मंडप से बाहर फेंक दिया। इस पर मेडिकल पुलिस ने दुष्कर्म आरोपी अमित और उसके भाई अंकित दोस्त संजीव, आशीष व प्रदीप को शनिवार को जेल भिजवा दिया।
एक तीर से दो निशाने साध रही थी पुलिस
मेरठ। दुष्कर्म पीड़ित की पिटाई और मीडिया पर हमला कराने में मेडिकल पुलिस का खेल सामने आया है। पुलिस एक तीर से दो निशाने साध रही थी। एक ओर दुष्कर्म आरोपी को सगाई करने की मोहलत दी, वहीं दूसरी ओर पीड़ित को सगाई समारोह में जाकर हंगामा करने की सलाह दे डाली। बताया कि एसओ ने आरोपी के जीजा सिपाही रणवीर सिंह के जरिए सेटिंग कर ली थी। तय हुआ था कि युवती समारोह में नहीं पहुंचनी चाहिए। नौकरी खतरे पर पड़ी तो एसओ ने पीड़ित को समारोह में जाने की सलाह दी।
यदि एसओ मेडिकल की भूमिका संदिग्ध पाई गई तो निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी। -एसएसपी दीपक कुमार