मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय कैंपस में कुछ छात्रों ने बृहस्पतिवार रात को एलएलएम के छात्र पर हमला कर घायल कर दिया। पुलिस से शिकायत न करने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित छात्र का आरोप है कि रात में ही सूचना देने के बाद भी पुलिस नहीं पहुंची।
एलएलएम का छात्र राज्यवर्धन बृहस्पतिवार रात को लाइब्रेरी के पास खड़ा था। इसी बीच दो बाइक से पहुंचे छात्रों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। वहां मौजूद छात्रों ने बचाने का प्रयास किया। तब तक पीड़ित छात्र को काफी चोट लग चुकी थी। इसके बाद हमलावर छात्र धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने रात में ही मेडिकल पुलिस को सूचना दी। लेकिन पुलिस न तो पहुंची और न ही कोई कार्रवाई हुई। शुक्रवार को पीड़ित छात्र साथियों के साथ मेडिकल थाने पहुंचा। पीड़ित ने कुलदीप और कृष्णपाल पर मारपीट का आरोप लगाते हुए मेडिकल थाने में तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
एक सप्ताह में तीसरी घटना
कैंपस में मारपीट की घटना बढ़ती जा रही है। एक सप्ताह में यह तीसरी घटना है, जब किसी छात्र के साथ मारपीट की गई।