मेरठ। नौचंदी थाना पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने के बाद विवाह मंडप से कीमती बैग चोरी करने वाली दो बहनों को पकड़ लिया है।
मेडिकल थाना क्षेत्र के चाणक्यपुरी निवासी रूप सिंह की बेटी की बुधवार को राधा गोविंद मंडप में शादी हुई। इस दौरान मंडप से एक बैग चोरी कर लिया गया था, जिसमें एक लाख से ज्यादा का माल था। नौचंदी पुलिस ने मंडप में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, जिसमें दो किशोरियां चोरी करती दिखाई दीं। पुलिस दोनों की तलाश में जुट गई। बृहस्पतिवार देर रात पुलिस ने दोनों बहनों को गढ़ रोड पर अक्षय पैलेस के पास पकड़ लिया। एसओ ने बताया कि पकड़ी गईं बहनें करीना और गुंजा पुत्री हरवन हैं। ये मूलरूप से जाटखेड़ी थाना पछौर जिला राजगढ़ मध्य प्रदेश की रहने वाली हैं। मेरठ में रेलवे स्टेशन के आसपास मध्य प्रदेश के काफी लोग आकर ठहरे हुए हैं। वहीं ये दोनों बहनें रहती हैं।