फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कमिश्नरी चौराहा और बेगमपुल पर कर्मचारियों ने लगाया जाम

Thu, 20 Dec 2012 05:30 AM IST
Meerut
विज्ञापन
विज्ञापन
मेरठ। प्रमोशन में आरक्षण के विरोध में सरकारी कर्मचारियों ने शहर की सड़कों पर जुलूस निकाले और कमिश्नरी चौराहा और बेगमपुल को जाम कर दिया। इस दौरान पुलिस और कर्मचारियों के बीच नोकझोंक भी हुई। जाम में फंसे लोगों ने भी कर्मचारियों के सामने नाराजगी जाहिर की। जाम के दौरान बेगमपुल पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
विज्ञापन

पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुरूप सभी कर्मचारी अपने-अपने कार्यालयों से सुबह 10:30 बजे ही कमिश्नरी चौराहा स्थित चौ. चरण सिंह पार्क पहुंचने लगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के न्यू मोहनपुरी स्थित आवास पर प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों का दूसरा जत्था भी वहां पहुुंच गया। आक्रोशित कर्मचारियों के रुख को देखकर पुलिस ने मंडलायुक्त कार्यालय के गेट को सुरक्षा घेरे में ले लिया।
कर्मचारियों ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी के पुतले की शवयात्रा निकाली। उसके बाद नारेबाजी करते हुए उसे आग के हवाले कर दिया। इसके बाद सभी कर्मचारी जुलूस के रूप में दोपहर दो बजे बेगमपुल पहुंचे। कर्मचारियों ने मानव शृंखला बनाकर बेगमपुल को जाम कर दिया। वहां लगे नेताओं के पोस्टर और बैनर फाड़ दिए। करीब पंद्रह मिनट तक जाम रहने के कारण सड़कों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं।
विज्ञापन

कर्मचारी नेता सीपी सिंह ने घोषणा की है कि गुरुवार को भी इसी प्रकार विरोध जारी रहेगा। सभी कर्मचारी वापस कमिश्नरी चौराहा स्थित चौधरी चरण सिंह पार्क में पहुंचे। कर्मचारियों ने यहां सभा करके प्रमोशन में आरक्षण के खिलाफ एकजुट रहने और आंदोलन को जारी रखने का आह्वान किया।
रागनी भी गाई
बेगमपुल पर कर्मचारियों ने जाम के दौरान भाजपा, बसपा और कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे ही नहीं लगाए बल्कि रागनी गाकर भ्रष्टाचारियों पर शब्दों से वार भी किए। भीड़ ने खूब तालियां बजाईं। मौके पर मौजूद पुलिस ने भी रागनियों का आनंद लिया।
मेडिकल कालेज में केंद्र सरकार के खिलाफ लगे नारे
प्रोन्नति में आरक्षण के खिलाफ मेडिकल कालेज के कर्मचारियों ने भी खासा रोष जताया। स्टाफ नर्स, कर्मचारी और चिकित्सक बरामदे में एकत्र हुए और भाजपा, कांग्रेस और बसपा का पुतला फूंका। कर्मचारी नेता सतीश चंद त्यागी ने कहा कि वोट के लिए कर्मचारियों के हितों क ो ताक पर रखा गया है। पार्टियों की इस नीति को कर्मचारी बर्दाश्त नहीं करेंगे। 2014 के लोकसभा चुनाव में इसका देंगे। कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार जिंदाबाद और केंद्र सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाए। हंगामे में राजकीय मेडिकल कालेज कर्मचारी महासंघ, मेडिकल कालेज कर्मचारी एसोसिएशन के सदस्य और पदाधिकारियों सहित विपिन त्यागी, सुभाष चंद, राजू, एमके शुक्ला, आर. मिश्रा, अजय सिंह, अनिल सिंह, जेपी यादव, जितेंद्र यादव उपस्थित रहे।
सरकार से समर्थन वापस क्यों नहीं लेती सपा : वाजपेयी
मेरठ। अपने आवास पर हुए प्रदर्शन के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि कार्यकर्ताओं और जनता की मंशा से राष्ट्रीय नेतृत्व को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने सपा पर दोहरी भूमिका में रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि मुलायम सिंह आरक्षण विरोधी हैं तो फिर सरकार से समर्थन वापस क्यों नहीं लेते हैं? सरकार चली जाएगी तो बिल भी चला जाएगा। साथ ही केंद्र सरकार पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा है कि महिला आरक्षण विधेयक लंबित क्यों है?

तहरीर देंगे तो केस दर्ज होगा
मेरठ। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी के आवास पर बुधवार को राज्यकर्मियों द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन पर एसएसपी का कहना है कि यदि प्रदेशाध्यक्ष, उनके परिजन या भाजपा के किसी पदाधिकारी द्वारा तहरीर दी जाएगी तो उस पर तुरंत केस दर्ज कर कार्रवाई होगी। एसएसपी के अनुसार यह कानून और शांति व्यवस्था से जुड़ा प्रकरण है। पुलिस किसी को कानून हाथ में लेने की छूट नहीं देगी। एहतियातन भाजपा पदाधिकारियों के आवास पर पुलिस तैनात की गई है।
आरटीओ में कामकाज ठप
मेरठ। प्रमोशन में आरक्षण के विरोध में आरटीओ में बुधवार को भी काम नहीं हो सका। आरक्षण के विरोध में करीब 70 फीसदी कर्मचारियों ने कार्य का बहिष्कार किया। आरक्षण समर्थक कर्मचारी पटल पर जरूर बैठे, लेकिन अन्य कर्मचारियों के अभाव में आफिस आए लोगों का कार्य नहीं हो सका। एआरटीओ डीके सिंह ने बताया कि प्रमोशन में आरक्षण मामले को लेकर कर्मचारी दो हिस्सों में बंटे है। विरोधी कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार किया हुआ है। इसके चलते ही काम नहीं हो पा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें