मेरठ। दिल्ली-देहरादून हाईवे स्थित बाईपास पर बदमाशों ने गाजियाबाद के कारोबारी से 1.36 लाख नकद लूट लिए। वारदात की सूचना पर तीन थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन बदमाशों को पकड़ने के बजाय पूछताछ की औपचारिकता में लग गई। जब रिपोर्ट दर्ज करने की बारी आई तो तीनों थानों की पुलिस सीमा विवाद में उलझ गई। देर रात तक मामले की रिपोर्ट नहीं दर्ज हो सकी।
शनिवार को पांच थानों की समीक्षा बैठक में एसएसपी के. सत्यनारायणा ने थानेदारों को हाईवे पर हो रहीं लूटपाट पर अंकुश लगाने के आदेश दिए थे। लेकिन बैठक के अगले दिन ही बदमाशों ने गाजियाबाद के वैशाली निवासी कारोबारी नवीन गुप्ता को लूट लिया। मूलरूप से सरधना निवासी नवीन मेरठ और आसपास के कस्बों में बीड़ी की सप्लाई करता है। रविवार दोपहर वह सरधना से रकम वसूली करके गाजियाबाद जाने के लिए बाईपास पर बीआईटी के सामने बस का इंतजार कर रहा था। उसके पास दो युवक भी खड़े थे। तभी एक कार आई, जिसमें नवीन और दोनों युवक गाजियाबाद के लिए सवार हो गए। बागपत फ्लाईओवर के निकट पहुंचते ही कार चालक ने दोनों युवकों को तमंचे थमा दिए और कार सुशांत सिटी की तरफ ले आए। नवीन से रुपयों से भरा बैग लूटने के बाद उसे सुनसान जगह पर उतारकर कार सवार फरार हो गए। नवीन ने बताया कि बैग में 1.36 लाख रुपये, तीन मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और अन्य कागजात थे। राहगीर की मदद से नवीन ने बहनोई एसके गुप्ता (होटल सम्राट हेवेंस के मालिक) को फोन किया, जिसके बाद कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। करीब आधा घंटे बाद कंकरखेड़ा, टीपी नगर और परतापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित ने कार का नंबर भी बताया, लेकिन पुलिस बदमाशों को पकड़ने की जगह पूछताछ की औपचारिकता निभाने में लगी रही। आखिर में नवीन बहनोई एसके गुप्ता के साथ मेरठ आ गया।
अब तुम्हें ही लूटना पड़ेगा
कार सवार बदमाशों ने कारोबारी से पूछा था कि क्या तुम्हारा नाम ही राजेंद्र है। हमें सूचना मिली है कि राजेंद्र दो लाख रुपये लेकर आने वाला है। कारोबारी ने जब बदमाशों को अपना नाम बताया, तो बदमाश बोले कि चलो कोई बात नहीं चुप बैठे रहो। अब तुम्हें ही लूटना पड़ेगा। कारोबारी ने बताया कि लुटेरे 20 से 25 की उम्र के थे।
तो फिर कहां दर्ज होगी एफआईआर
कारोबारी से लूट को लेकर सीमा विवाद में उलझी पुलिस ने हद कर दी। एसओ कंकरखेड़ा कहते हैं घटनास्थल टीपी नगर क्षेत्र का है, तो टीपी नगर एसओ कहते हैं कि घटना कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में हुई। सवाल है कि पुलिस आखिर एफआईआर क्यों नहीं दर्ज रही है। एसपी सिटी ओम प्रकाश का कहना है कि घटना हुई है, तो रिपोर्ट भी दर्ज होगी।