मेरठ। समाजवादी पार्टी की गुटबाजी अब हर जगह सामने आने लगी है। गुरुवार को पार्टी अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में भी गुटबाजी पूरी तरह नजर आई। पार्टी कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में डा. सरोजनी अग्रवाल का गुट नजर नहीं आया।
समाजवादी पार्टी में राज्यमंत्री शाहिद मंजूर और एमएलसी डा. सरोजनी अग्रवाल के बीच 36 का आंकड़ा है। मुलायम सिंह के जन्मदिन पर पार्टी की जिला और महानगर इकाई ने संयुक्त रूप से पार्टी कार्यालय पर रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किया था। हालांकि शाहिद मंजूर और डा. सरोजनी अग्रवाल दोनों ही गुरुवार को शहर में नहीं थे लेकिन पार्टी कार्यालय पर आयोजित इस कार्यक्रम में डा. अग्रवाल गुट पूरी तरह नदारद रहा। जिला और महानगर अध्यक्ष शाहिद मंजूर के करीबी माने जाते है। ऐसे में उनके समर्थक ही इस कार्यक्रम में नजर आए लेकिन इन सबके बीच विधानसभा चुनाव लड़ चुके आदिल चौधरी और रफीक अंसारी के साथ ही विधायक गुलाम मोहम्मद और विधायक प्रभुदयाल वाल्मीकि की अनुपस्थिति भी चर्चा का विषय बनी रही।