मेरठ। एसएसपी ने बाइक पर पुलिसकर्मियों के साथ शहर की यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उनको मुख्य चौराहों पर जाम लगा मिला। इसका जिम्मेदार उन्होंने वहां तैनात पुलिसकर्मियों को बताया है।
एसएसपी के. सत्यनारायणा गुरुवार दोपहर में कमिश्नरी आवास चौराहा से बाइक पर शहर की यातायात व्यवस्था का जायजा लेने निकले। उनके साथ सात दारोगा और 60 सिपाही भी रहे। उन्होंने बच्चा पार्क, बेगमपुल, मेट्रो प्लाजा से होकर दिल्ली रोड का निरीक्षण किया। वहां से घंटाघर, हापुड़ अड्डा चौराहा, शास्त्रीनगर नई सड़क, सेंट्रल मार्किट, तेजगढ़ी चौराहे से होते हुए करीब 34 किमी की दूरी तय करके वापस क मिश्नरी आवास चौराहे पर पहुंचे। इस दौरान एसएसपी को बेगमपुल, बागपत अड्डा, घंटाघर, सेंट्रल मार्किट एवं तेजगढ़ी चौराहे पर जाम लगा मिला। उन्होंने जाम लगने का कारण चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही बताया।