मोदीपुरम। सिवाया टोल प्लाजा पर धरने पर पहुंचकर बाबा रामदेव ने भाकियू का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने इसे आजादी की दूसरी लड़ाई बता डाला। किसानाें से टोल वसूली को उन्होंने गलत बताया। केंद्र सरकार को मुगल और अंग्रेजों से ज्यादा टैक्स लगाने वाली बताया।
सोमवार को दिल्ली से हरिद्वार जाते समय बाबा रामदेव दोपहर लगभग एक बजे टोल प्लाजा पहुंचे। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने बाबा रामदेव का फू ल माला पहनाकर स्वागत किया। रामदेव ने कहा कि भगवान ने महेंद्र सिंह टिकैत को किसानों के लिए ही भेजा था। किसानोें की जमीन का अधिग्रहण कर महंगे दामों में बेचा जा रहा। किसानों की फसल की कीमत एक चौथाई लगाई जाती और गैस की कीमत चार गुनी वसूल की जाती है। हर जगह किसानों का शोषण किया जा रहा है। उन्होंने केंद्र के खिलाफ आंदोलन का आह्वान किया। सोमवार को धरने की अध्यक्षता विजयपाल घोपला और संचालन धर्मेंद्र मलिक ने किया।
‘राबर्ट वाड्रा राष्ट्रीय दामाद’
बाबा रामदेव ने काले धन के बारे मेें कहा कि जब बाबा विदेशों में जमा काले धन को लाने की बात कहता है तो सरकार उनसे पतंजलि योग पीठ का हिसाब मांगती है और जांच कराती है, लेकिन विदेशों में जमा काले धन का हिसाब क्यों नहीं देती? उसकी सरकार में राबर्ट वाड्रा के पास इतने कम समय में इतना धन कहां से आया। इसकी जांच क्यों नही कराई जाती है। उन्होंने तंज कसते हुए वाड्रा को राष्ट्रीय दामाद बताया।
हरिओम पंवार ने सुनाई कविता
बाबा रामदेव के साथ वरिष्ठ कवि हरिओम पंवार ने भी धरने को समर्थन दिया। उन्होंने महेंद्र सिंह टिकैत के साथ आंदोलन में 27 दिनों तक कविता पाठ किया था। हरिओम पंवार ने ‘घायल भारत माता की तस्वीर दिखाने आया हूं’ कविता सुनाकर किसानों में जोश भरा। भारत स्वाभिमान संगठन के कार्यकर्ताओं ने व्यवस्था देखी।