मोदीपुरम। मेरठ और मुजफ्फरनगर के लोगों के लिए लोकल टोल समेत अन्य मांगों पर अड़ी भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) का बारहवें दिन भी टोल प्लाजा पर कब्जा रहा। वाहन भी बिना टोल चुकाए गुजरते रहे। यूनियन के कार्यकर्ताओं ने मंच पर रागिनी गाकर और हुक्का पीकर समय व्यतीत किया।
सिवाया स्थित टोल प्लाजा पर चल रहे धरने की रविवार को अध्यक्षता कुतुबुद्दीन पुरबालियान ने की और संचालन धर्मपाल ने किया। धरने को समर्थन देने के लिए अरविंद केजरीवाल टीम के सदस्य अमित पुट्ठा, शैलेंद्र, अमन शर्मा, अशोक सोम, सरिता त्यागी पहुंचे और भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत से बात की। शुक्रताल षड़दर्शन साधु समाज के प्रशासक अध्यक्ष महाराज डंडी स्वामी महेश्वरानंद, आर्य समाज प्रतिनिधि सभा उत्तर प्रदेश के देवेंद्रपाल, विकेश, मुकेश जगतसिंह आदि ने समर्थन दिया। धरने पर बैठे किसानों को सकौती और जिटौली के ग्रामीणों ने खाना पहुंचाया। धरने के दौरान यहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने राकेश टिकैत से मुलाकात करके उन्हें समर्थन दिया। धरने को राकेश टिकैत, मुकेश, जगतसिंह राठी, ओमपाल मलिक, बिजेंद्र सिंह, महकार सिंह, धर्मपाल सिंह, ब्रहमपाल सिंह, देवेंद्र व अनुज ने संबोधित किया।